संत जेवियर्स कॉलेज, महुआडांड़ में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

महुआडांड़ संत जेवियर्स कॉलेज, महुआडांड़ में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एक गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता करते हुए लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार मतदान का संकल्प लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर एम. के. जोस ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला रखते हैं। उन्होंने युवाओं से जाति, धर्म और लोभ से ऊपर उठकर विवेकपूर्ण निर्णय लेने तथा दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।इस अवसर पर खुर्शीद खान ने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त बनता है, जब प्रत्येक नागरिक बिना भय और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करता है। युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी देश के भविष्य को सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने और तथ्यों के आधार पर मतदान करने पर जोर दिया।प्रो. अंकिता एक्का ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि मतदान से दूरी लोकतंत्र से दूरी के समान है। एक-एक मत व्यवस्था को दिशा देता है। उन्होंने महिलाओं और नवमतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने तथा समाज में मतदाता जागरूकता फैलाने की शपथ ली। समारोह का समापन लोकतंत्र को सुदृढ़ करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।इस अवसर पर डॉ. फादर समीर, डॉ. लियो, डॉ. राजीप, डॉ. प्यारी, प्रो. जाफर, प्रो. रेचेल, प्रो. सुबोध, प्रो. रॉजी, सुष्मिता, प्रो. बंसती, प्रो. विक्रम, प्रो. अदिति, प्रो. मोनिका, प्रो. अंजलि सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



