लातेहार नगर पंचायत चुनाव में सियासी हलचल तेज, झामुमो समर्थित प्रत्याशी बिलासी टोपनो ने किया नामांकन

लातेहार से विशेष रिपोर्ट
लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर जिले की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी बिलासी टोपनो ने पूरे उत्साह और शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे यह साफ संकेत मिला कि झामुमो इस चुनाव को लेकर पूरी तरह से सक्रिय और गंभीर है।नामांकन कार्यक्रम के अवसर पर पार्टी के केंद्रीय सदस्य, पूर्व मंत्री सह विधायक बैजनाथ राम की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ झामुमो के जिला अध्यक्ष मोतीलाल नाथ शाहदेव सहित दर्जनों पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। सभी ने एकजुट होकर प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाए और आगामी चुनाव में जीत का भरोसा जताया। पूरे परिसर में उत्साह और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला नामांकन के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए बैजनाथ राम ने कहा कि बिलासी टोपनो एक जमीनी और संघर्षशील नेता हैं, जो आम जनता की समस्याओं को नजदीक से समझती हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हमेशा से आदिवासी, पिछड़े, दलित और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। नगर पंचायत स्तर पर भी पार्टी का लक्ष्य पारदर्शी प्रशासन और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार विकास, ईमानदारी और जनसेवा के मुद्दों पर मतदान करेगी।वहीं प्रत्याशी बिलासी टोपनो ने नामांकन के बाद अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, गरीबों के लिए आवास तथा महिलाओं के सशक्तिकरण को अपने प्रमुख एजेंडे में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि उनका सपना लातेहार नगर पंचायत को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर के रूप में विकसित करना है नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी। कुल मिलाकर, बिलासी टोपनो के नामांकन के साथ ही लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होंगी तथा विभिन्न दलों के बीच राजनीतिक मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



