बालूमाथ में बड़ी चोरी की वारदात, अज्ञात चोरों ने बंद घर को बनाया निशाना

बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत संत जुली मिडिल स्कूल के समीप स्थित मास्टर बुधराम उरांव के आवास में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 55 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।घटना की जानकारी देते हुए मास्टर बुधराम उरांव की पत्नी ने बताया कि वे कुछ दिनों के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गई हुई थीं। दिनांक 24 दिसंबर 2025 (बृहस्पतिवार) को जब वे वापस लौटीं, तो घर का नजारा देख दंग रह गईं। घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे, सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों को तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण एवं नकदी चोरी कर ली गई थी।पीड़िता के अनुसार चोरों ने पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम दिया है। घर के एक-एक कमरे की तलाशी लेकर कीमती सामान पर हाथ साफ किया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चोरों को घर की स्थिति और कीमती सामान की जानकारी रही होगी।घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा चोरों का सुराग लगाने के लिए अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



