महुआडांड़ में 18 लाख के आंगनबाड़ी भवन में भ्रष्टाचार का आरोप, घटिया निर्माण से ग्रामीणों में आक्रोश

महुआडांड़ (लातेहार) NREP विभाग की देखरेख में प्रखंड के चम्पा पंचायत अंतर्गत गंशा गांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। करीब 18 लाख 19 हजार रुपये की लागत से बन रहे इस भवन में निर्माण मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।ग्रामीणों के अनुसार, भवन निर्माण की शुरुआत सरकारी मानकों के विपरीत बंगला ईंट से की गई थी। जब इसका विरोध हुआ तो संवेदक ने कुछ दिनों तक चिमनी ईंट से काम कराया, लेकिन विरोध शांत होते ही फिर से मनमानी शुरू कर दी गई। वर्तमान स्थिति यह है कि भवन के एक हिस्से में बंगला ईंट और दूसरे हिस्से में चिमनी ईंट का प्रयोग किया जा रहा है, जो सरकारी दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया किस्म की छड़, कमजोर मसाला तथा मानक से कम पानी का उपयोग किया जा रहा है। हालांकि अभी प्लास्टर का कार्य शुरू नहीं हुआ है, लेकिन भवन का निर्माण डोर लेवल तक पहुंच चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का निर्माण भवन की मजबूती पर सवाल खड़े करता है और भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि संवेदक द्वारा कागजों में लाखों रुपये खर्च दिखाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए बनाया जा रहा है, ऐसे में घटिया निर्माण उनकी सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ है।
इस मामले को लेकर डॉ. सैयद अहमद, उप विकास आयुक्त लातेहार से दूरभाष पर बात की गई। उन्होंने कहा कि शिकायत की जानकारी मिली है, निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानकों के अनुरूप ही आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाएगा।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



