नगर पंचायत लातेहार की सख्ती: ट्रेड लाइसेंस नहीं होने पर छह दुकानें सील, कर अदायगी को लेकर चेतावनी

लातेहार नगर पंचायत की सक्रियता हालिया दिनों में तेज़ी से बढ़ी है। होल्डिंग टैक्स वसूली को लेकर पहले चलाए गए सघन अभियान के बाद अब नगर पंचायत ने ट्रेड लाइसेंस के मामले में भी कड़ा कदम उठाया है।
शुक्रवार को नगर प्रशासक राजीव रंजन के निर्देश पर बिना ट्रेड लाइसेंस के संचालित दुकानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल छह दुकानों को सील किया गया। इनमें धर्मपुर मार्केट के पास स्थित चार दुकानें और मेन रोड की दो दुकानें शामिल हैं।
नगर प्रशासक राजीव रंजन ने बताया कि पूर्व में कई बार अभियान चलाकर दुकानदारों से ट्रेड लाइसेंस लेने की अपील की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ दुकानदारों ने नियमों का पालन नहीं किया। अंततः नियमों के उल्लंघन पर दुकानों को सील करना पड़ा।उन्होंने अन्य दुकानदारों से भी शीघ्र ट्रेड लाइसेंस प्राप्त करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में इस तरह की कार्रवाई से बचा जा सके। साथ ही, नगर पंचायत की ओर से प्रतिष्ठान एवं आवासीय परिसर मालिकों से अपने परिसरों का मूल्यांकन कराकर होल्डिंग टैक्स समय पर जमा करने की अपील की गई है।नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होल्डिंग टैक्स जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित बैंक खातों को फ्रिज करने जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है। नगर पंचायत ने नागरिकों से नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



