बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव है आत्मविश्वास: अपर सचिव रविन्द्र अग्रवाल

लातेहार भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव रविन्द्र अग्रवाल ने कहा कि बच्चों में आत्मविश्वास का विकास करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वे जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, लातेहार में आयोजित विशेष अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अभिभावक ही बच्चों के पहले और सबसे प्रभावशाली शिक्षक होते हैं। बच्चे अपने माता-पिता के व्यवहार, सोच और कार्यशैली से बहुत कुछ सीखते हैं। इसलिए आवश्यक है कि अभिभावक बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें खेल, कला और अन्य सह-पाठ्य गतिविधियों में भी भाग लेने का अवसर दें। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों पर कभी भी अपनी सोच या इच्छाएं न थोपें, बल्कि उनकी रुचियों को समझें और उन्हें प्रोत्साहित करें।अपर सचिव ने जोर देते हुए कहा कि सिर्फ किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक और जीवनोपयोगी ज्ञान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब अभिभावक और शिक्षक मिलकर एक समान उद्देश्य के साथ कार्य करें। उन्होंने शिक्षकों से भी अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने की अपील की। कहा कि शिक्षक विद्यालय में बच्चों को एक पौधे की तरह सींचते हैं, जिससे उनका भविष्य आकार लेता है।कार्यक्रम में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की गोष्ठियां बच्चों के शैक्षणिक और मानसिक विकास में सहायक होती हैं। इससे पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए शिक्षक-अभिभावक संवाद की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।विद्यालय की प्राचार्य तृप्ति भारती ने स्वागत भाषण में विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है और विद्यालय को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक नरेंद्र पांडेय ने किया।इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक विजेता मिंज, रौशन लकड़ा, सबिता टोप्पो, रेखा रानी, संजू कुमारी, सोनी कुमारी एवं अंकिता कुमारी को सम्मानित किया गया। वहीं रेल परीक्षा, उपस्थिति और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 24 छात्र-छात्राओं को भी सम्मान मिला। इसके अलावा छह अभिभावक, चार शिक्षक तथा दो विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। प्राचार्य ने अतिथियों को बुके, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कक्षा नौ की छात्रा तियाशा के नेतृत्व में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसमें तबले पर आदित्य टैगोर ने संगत दी।
कार्यक्रम में आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम साहू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित कई अधिकारी, शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



