खरीदारों से गुलजार है क्रिसमस बाजार, दुकानदार हुए गदगद

महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय में इन दिनों क्रिसमस का बाजार खरीदारों से गुलजार है। दुकानों में उमड़ रही भीड़ से बाजार में रौनक लौट आई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों को रंग-बिरंगी सजावट और रोशनी से सजा दिया है। श्रृंगार की दुकान हो, कपड़े की दुकान या राशन की—हर जगह खरीदारों की चहल-पहल साफ नजर आ रही है।क्रिसमस पर्व को लेकर बाहर रहने वाले लोग भी अपने घर लौट चुके हैं और परिवार के साथ पर्व मनाने की तैयारियों में जुट गए हैं। मसीही घरों में खास तैयारियां चल रही हैं। 24 और 25 दिसंबर को मनाए जाने वाले प्रभु यीशु के जन्म पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। गांवों से लेकर बाजार तक क्रिसमस के गीत गूंज रहे हैं और जगह-जगह आकर्षक झांकियां तैयार की गई हैं।इसी बीच मुस्कान श्रृंगार वाटिका के मालिक शुभम गुप्ता ने बताया कि भले ही बाजार में चहल-पहल दिख रही हो, लेकिन 6 से 8 साल पहले की तुलना में पिछले दो वर्षों से खरीदारी में कमी आई है। उन्होंने बताया कि अब ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन और लोगों के बड़े शहरों की ओर रुख करने से स्थानीय बाजारों पर असर पड़ा है वहीं महुआडांड़, अम्बवाटोली, दुरूप, परहाटोली, लोध सहित अन्य ईसाई बहुल इलाकों में क्रिसमस की प्रार्थना को लेकर घरों के साथ-साथ गिरजाघरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उल्लास और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



