बरवाडीह स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, पैसेंजर ट्रेन से 106 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त

बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन संख्या 53343 गोमो–चोपन पैसेंजर में रूटीन चेकिंग के दौरान आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच के दौरान आरपीएफ जवानों ने ट्रेन के एक कोच से दो लावारिस बैग बरामद किए। जब इन बैगों की तलाशी ली गई तो उसमें अंग्रेजी शराब की 106 बोतलें पाई गईं।जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 43.500 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये है। आरपीएफ अधिकारियों ने शराब तस्करी की आशंका जताते हुए दोनों बैगों को जब्त कर लिया है।हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, क्योंकि दोनों बैग लावारिस हालत में मिले थे। जब्त की गई शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।इस संबंध में आरपीएफ सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार, सहायक उप निरीक्षक आर.के. मिंज और बी.के. राय ने बताया कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब किसकी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



