नेतरहाट प्रवेश परीक्षा में संत मरियम स्कूल की बड़ी सफलता, चार छात्रों ने बढ़ाया जिले का मान

नेतरहाट आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा सत्र 2025–26 के परिणामों में संत मरियम स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। विद्यालय के चार विद्यार्थियों का चयन इस प्रतिष्ठित परीक्षा में हुआ है, जिससे न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।संत मरियम स्कूल से कक्षा 6 के जिन विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, उनमें गौरव कुमार, गौतम कुमार सिंह, अंकित राज एवं कृष कुमार कार्तिकेय शामिल हैं। इन छात्रों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।गौरतलब है कि नेतरहाट प्रवेश परीक्षा के लिए विद्यालय से कुल 15 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा की तैयारी के दौरान सभी अभ्यर्थियों को विद्यालय के आवासीय परिसर में विशेष कोचिंग, नियमित टेस्ट, विषयवार अभ्यास एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसका सकारात्मक परिणाम चयन सूची में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।अब चयनित विद्यार्थियों को नामांकन प्रक्रिया के अंतर्गत शारीरिक जांच और मनोवैज्ञानिक परीक्षण से गुजरना होगा। इन प्रक्रियाओं के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद उनका अंतिम प्रवेश नेतरहाट आवासीय विद्यालय में सुनिश्चित किया जाएगा।विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं की असीम क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थियों को सही दिशा, अनुशासित वातावरण और समुचित मार्गदर्शन मिले, तो वे किसी भी बड़ी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।वहीं विद्यालय के प्राचार्य कुमार आदर्श ने जानकारी दी कि आगामी शैक्षणिक सत्र से नेतरहाट प्रवेश परीक्षा की तैयारी को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके तहत कम से कम 100 मेधावी विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना है, ताकि पलामू जिले से अधिक से अधिक छात्रों का चयन राज्य के इस प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालय में हो सके।उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का संयुक्त परिणाम है, जो भविष्य में और बेहतर उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



