लातेहार में कोयला ढोने वाले वाहनों का कहर जारी, दो सड़क हादसों में एक की मौत, एक गंभीर घायल

लातेहार जिले के बालूमाथ अनुमंडल क्षेत्र में कोयला ढोने वाले हाईवा वाहनों का अनियंत्रित परिचालन आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।पहली घटना बालूमाथ–रांची–चतरा मुख्य मार्ग पर बारियातू के गगोनिया बाजार के पास हुई। जानकारी के अनुसार, साइकिल से घर लौट रहे चुंबा गांव निवासी 50 वर्षीय महादेव गंझू को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर बारियातू थाना पुलिस उन्हें बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।वहीं दूसरी घटना बालूमाथ–पांकी मुख्य मार्ग पर झाबर के पास पाहन मोड़ के समीप घटी। यहां एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने मोटरसाइकिल सवार 37 वर्षीय मुनेश्वर भुइयां को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में मुनेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें रिम्स रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि बालूमाथ क्षेत्र में रोजाना इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिनका मुख्य कारण कोयला लदे हाईवा वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग है। बावजूद इसके, जिला प्रशासन की ओर से इन वाहनों के नियंत्रण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।लगातार हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। राहगीरों का कहना है कि वे हर दिन डर के साए में सड़क पर चलने को मजबूर हैं। इधर, पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



