महुआडांड़: पीपल चौक के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब से लदी कार जब्त, चालक फरार

महुआडांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार देर रात पीपल चौक के समीप एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस को देखकर कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुआडांड़ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध शराब लोड कर नेतरहाट की ओर ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार के निर्देश पर गश्ती दल को सतर्क किया गया और पीपल चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर JH 01 EP 9867) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने के लिए चालक से कार खोलने को कहा गया, लेकिन चालक अचानक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने कार की सघन तलाशी ली, जिसमें से कुल 9 पेटी अवैध शराब बरामद की गई।पुलिस ने मौके से अवैध शराब, प्रयुक्त वाहन तथा फरार चालक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। सभी जब्त सामग्री को विधिवत सील कर थाना लाया गया। इस संबंध में महुआडांड़ थाना कांड संख्या 56/25, दिनांक 28 दिसंबर 2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है।थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 275, 292, 316(2), 318(4), 3(5) तथा झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) एवं 55 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। फरार चालक की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



