महुआडांड़ थाना एवं आईआरबी-4 सैट 140 का एसपी ने किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए कड़े निर्देश

महुआडांड़ लातेहार जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कुमार गौरव, पुलिस अधीक्षक, लातेहार ने शनिवार को महुआडांड़ थाना एवं आईआरबी-4 सैट 140 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति और क्षेत्र में अपराध की प्रवृत्तियों की गहन समीक्षा की।निरीक्षण के क्रम में एसपी कुमार गौरव ने थाना प्रभारी को फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों के विरुद्ध लगातार छापामारी अभियान चलाया जाए, ताकि कानून का भय बना रहे और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही थाना में लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन कर पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया।पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और उग्रवाद की रोकथाम के लिए सुनियोजित एवं समन्वित रणनीति के तहत कार्रवाई आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत करने पर बल देते हुए उन्होंने ग्रामीणों से बेहतर संवाद स्थापित करने और विश्वसनीय मुखबिर तंत्र विकसित करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना अभिलेखों के अद्यतन संधारण, दस्तावेजों की नियमित समीक्षा तथा थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान की दिशा में कार्य किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।इस अवसर पर थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद एसपी ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



