चैनपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: जागरूकता के नाम पर नहीं, सीधे एक्शन में दिखी पुलिस, 200 लीटर जावा महुआ किया गया नेस्तनाबूद

गुमला
चैनपुर थाना क्षेत्र में नशा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पुलिस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। रविवार को तिगावल डाढ़टोली गांव में पुलिस का रुख पूरी तरह सख्त नजर आया। एक ओर जहां ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई, वहीं दूसरी ओर अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने सीधा हथौड़ा चलाते हुए 200 लीटर जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया।थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने ग्रामीणों से दो टूक शब्दों में कहा कि नशा समाज के लिए “धीमा ज़हर” नहीं बल्कि खुली तबाही है, जो घर-परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को खोखला कर रहा है। शाम करीब सात बजे उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महुआ से बनने वाली अवैध शराब अपराध, घरेलू हिंसा और सड़क हादसों की जड़ बन चुकी है। अब इस गोरखधंधे पर किसी भी कीमत पर नरमी नहीं बरती जाएगी जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल हो रहा भारी मात्रा में जावा महुआ बरामद किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में ही इसे नष्ट कर दिया, जिससे पूरे इलाके में साफ संदेश गया कि अब नशा कारोबार के लिए चैनपुर में कोई जगह नहीं है।थाना प्रभारी ने साफ शब्दों में चेताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशा कारोबार से जुड़े असामाजिक तत्वों की जानकारी बिना भय पुलिस को दें—सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में फैलते नशे को लेकर गहरी चिंता जताई और युवाओं को नशे से बचाने के लिए खेलकूद, रोजगार और सख्त निगरानी की मांग की। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस अब केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लगातार अभियान चलाकर नशामुक्त और अपराधमुक्त चैनपुर का निर्माण करेगी।कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से नशा और कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ने की शपथ ली। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जहां नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम ग्रामीणों में भरोसा जगा है कि अब चैनपुर में नशे के खिलाफ जंग निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



