नववर्ष के जश्न में डूबा नेतरहाट, पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़ से 1 जनवरी तक सभी होटल फुल

महुआडांड़ नववर्ष के आगमन के साथ ही झारखंड का लोकप्रिय पर्यटन स्थल नेतरहाट सैलानियों का पसंदीदा केंद्र बन गया है। ठंड के मौसम में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण यहां 1 जनवरी तक सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस पूरी तरह भर चुके हैं।इन दिनों नेतरहाट की पहाड़ियां हरियाली से ढकी हुई हैं, वहीं सुबह-शाम छाया रहने वाला कोहरा इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा रहा है। ठंडी हवाओं और शांत वातावरण के बीच मैग्नोलिया प्वाइंट से दिखने वाला सूर्योदय और सूर्यास्त पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। इस स्थल पर सुबह से देर शाम तक पर्यटकों की भीड़ देखी जा रही है।पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने से होटल व्यवसाय में जबरदस्त उछाल आया है। जानकारी के अनुसार, इस वर्ष 1 जनवरी तक नेतरहाट के सभी सरकारी होटल और करीब 45 छोटे-बड़े निजी होटल व लॉज पूरी तरह बुक हो चुके हैं। प्रभात बिहार होटल के 22 कमरे, अरुणोदय होटल के 13 कमरे, झूमर रिसॉर्ट के 33 कमरे और रवि शशि होटल के 35 कमरे पहले ही पर्यटकों से भर गए हैं।इसके अलावा लेक ब्यू होटल के 17 कमरों में भी एक भी कमरा खाली नहीं है। यहां सुईट रूम का किराया 8,400 रुपये तक होने के बावजूद पर्यटकों की मांग लगातार बनी हुई है। होटल संचालकों का अनुमान है कि केवल दिसंबर माह में ही निजी होटलों का कारोबार लगभग डेढ़ करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।पर्यटकों की सुविधा के लिए वन विभाग का विश्रामागार भी उपलब्ध कराया गया है, जिसकी बुकिंग लोहरदगा वन प्रमंडल कार्यालय से की जाती है। नए साल के इस पर्यटन सीजन ने स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार और आय के नए अवसर पैदा किए हैं।पर्यटन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि नए साल या छुट्टियों के दौरान नेतरहाट आने की योजना बनाने से पहले होटल बुकिंग अवश्य करा लें, क्योंकि बिना पूर्व आरक्षण के ठहरने की जगह मिलना काफी मुश्किल हो सकता है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



