संत जोसेफ +2 उच्च विद्यालय, महुआडांड़ में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को दिए गए जीवनरक्षक संदेश

महुआडांड़ (लातेहार):सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संत जोसेफ +2 उच्च विद्यालय, महुआडांड़ में एक भव्य सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज कुमार थाना प्रभारी, महुआडांड़ रहे। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ आज एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी हैं, जिनका मुख्य कारण लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने छात्रों को हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे आवश्यक नियमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि यदि विद्यार्थी आज से ही यातायात नियमों को अपने जीवन में अपनाते हैं, तो वे स्वयं सुरक्षित रहेंगे और अपने परिवार व समाज को भी सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा के संदेश को घर-घर तक पहुँचाएँ और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य फादर दिलीप एक्का ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा ज्ञान भी उतना ही आवश्यक है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर हम अनगिनत अमूल्य जिंदगियों को बचा सकते हैं। उन्होंने इस उपयोगी एवं जनहितकारी कार्यक्रम के लिए थाना प्रभारी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान थाना प्रभारी द्वारा सरल भाषा में किया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से थाना प्रभारी मनोज कुमार को धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर


