राँची जिले के प्रारंभिक विद्यालयों में 26 व 27 दिसंबर को अवकाश घोषित

राँची जिले के सभी कोटि के प्रारंभिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों को बड़ी राहत मिली है। जिला शिक्षा अधीक्षक, राँची द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जिले के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में 26 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) एवं 27 दिसंबर 2025 (शनिवार) को अवकाश घोषित किया गया है।यह अवकाश क्षतिपूरक अवकाश के रूप में स्वीकृत किया गया है। उल्लेखनीय है कि उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 21 सितंबर 2025 (रविवार) को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक आकलन (NILP/FLNAT) परीक्षा के लिए जिले के सभी प्रारंभिक विद्यालय खोले गए थे। इसके अलावा, 20 दिसंबर 2025 (तृतीय शनिवार) को अर्द्धवार्षिक परीक्षा 2025 के आयोजन के कारण भी विद्यालय खुले रहे थे।इन अतिरिक्त कार्यदिवसों के मद्देनज़र विभिन्न शिक्षक संघों द्वारा क्षतिपूरक अवकाश की मांग की गई थी। शिक्षक संगठनों के अनुरोध एवं प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए उपायुक्त, राँची के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा यह निर्णय लिया गया।यह आदेश सरकारी, उर्दू विद्यालयों तथा गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) सभी प्रारंभिक विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रधानाध्यापक एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना हेतु प्रेषित कर दी गई है।शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



