लातेहार सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुआ प्रशासन: एनएच-75 पर विशेष वाहन जांच अभियान, ₹86,500 जुर्माना वसूला, एक वाहन जब्त

लातेहार जिला में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला परिवहन विभाग द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-75 पर सिकनी ग्राम के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहन चला रहे चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कुल 26 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 6 भारी वाहनों का चालान काटा गया। जांच के दौरान विभिन्न मदों में कुल ₹86,500 का जुर्माना वसूल किया गया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर एक वाहन को जब्त भी किया गया।
जांच के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहनों के आवश्यक कागजात—जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र—की भी बारीकी से जांच की। मौके पर उपस्थित वाहन चालकों को संबोधित करते हुए श्री मंडल ने यातायात नियमों के पालन की अपील की और कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएँ नियमों की अनदेखी के कारण ही होती हैं।उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि दुपहिया दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकतर मौतें हेलमेट नहीं पहनने की वजह से होती हैं। वहीं, भारी वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और अपने वाहनों के सभी कागजात अद्यतन व दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र ऐसे जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके ।
📢 झारखंड की ताज़ा खबरें अब सीधे आपके WhatsApp पर!
🔗 WhatsApp ग्रुप जॉइन करेंझारटाइम्स – आपके गाँव, आपके खबर



